अमौली। चौकी इंचार्ज से अभद्रता और सिपाहियों के साथ मारपीट कर वर्दी फाड़ने के आरोपी युवकों की तलाश में पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश दी हैं। घरों में आरोपी युवक नहीं मिले। पुलिस ने गिरफ्तारी का दबाव बनाने के लिए उनके करीबी दो लोगों को पकड़ा है।
अमौली चौकी इंचार्ज रामनरेश यादव चौकी के सिपाहियों धीरज, दिनेश के साथ रविवार रात गश्त करते गायत्री मंदिर के पास पहुंचे था। जहां कुछ युवकों को खड़ा देखकर वह पूछताछ करने लगे। इन युवकों ने सिपाहियों के साथ मारपीट कर वर्दी फाड़ी थी।
चौकी इंचार्ज के साथ भी अभद्रता की थी। पुलिस ने अमौली कस्बे के रहने वाले हिमांशू, राघव, सनोज तिवारी की तलाश में छापामारी की। एक घर में पुलिस को ताला बंद मिला। काफी खोजबीन के बाद आरोपियों के दो करीबी लोग पुलिस की पकड़ में आए।
पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर युवकों के बारे में पूछताछ करने में जुटी है। चौथे युवक बीरू की तलाश में पुलिस जाफरगंज थाने के रुसिया गांव पहुंची।
आरोपियों पर बलवा, सरकारी कार्य में बाधा, सरकारी कर्मचारी से मारपीट, सेवन सीएल, गाली गलौज की धाराओं में मुकदमा दर्ज है। थानाध्यक्ष योगेश सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश में छापामारी की जा रही है। वह जल्द ही पकड़े जाएंगे।