फतेहपुर। सेवानिवृत्त शिक्षक की हत्या और डकैती की वारदात में 12 दिन बाद भी पुलिस टीमें कोई सुराग नहीं लगा सकी है। वारदात के बाद से परिवार के लोगों में दहशत का माहौल है। परिवार के लोगों ने एसपी से मिलकर मामला एसटीएफ को सौंपे जाने की मांग की है।
राधानगर के कुल्फी मोहल्ले में सेवानिवृत्त शिक्षक बलवीर सिंह की एक जनवरी की रात घर में ईंट से हमला कर हत्या कर दी गई थी। बदमाश घर से नकदी समेत साढ़े 16 लाख का माल उड़ा ले गए थे।
डकैती के खुलासे के लिए स्वॉट, सर्विलांस और कोतवाली पुलिस की टीम लगी हैं। सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध दिखे, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। कई संदिग्धों की धरपकड़ के बाद भी टीमों के हाथ खाली है।
मृतक शिक्षक के बेटे सुजीत सिंह ने एसपी राजेश कुमार सिंह से मामले के खुलासे के लिए एसटीएफ या किसी अन्य उच्चस्तरीय एजेंसियों को सौंपने की मांग की है।
सुजीत का कहना है कि घटना के बाद से पूरा परिवार दहशत में है। दूसरे घरों में भी चोरियां हुई। वहां किसी पर बदमाशों ने हमला नहीं किया। उनके पिता की हत्या के पीछे कोई राज हो सकता है।