फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र में मौरंग लदा ट्रक लूटने के मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर कार सवार चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
ललौली थाना क्षेत्र के बरौंहा निवासी अमित कुमार ने आरोप लगाया कि 14 नवंबर 2020 को वह ट्रक में मौरंग लेकर रायबरेली जा रहा था। रात करीब 10 बजे फिरोजपुर गांव के पास चार पहिया सवार चार लोगों ने ट्रक को ओवरटेक करके रोक लिया।
आरोपियों ने उसे ट्रक से नीचे फेंक दिया और ट्रक लेकर फरार हो गए। घटना की शिकायत हुसैनगंज थाने में की थी। पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। थाना प्रभारी रणधीर बहादुर सिंह ने बताया कि मामले में कोर्ट के आदेश पर कार सवार चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।