फतेहपुर। फर्जी दस्तावेज तैयार कर सोनाटा फाइनेंस कंपनी को उसके कर्मचारियों ने नौ लाख 82 हजार का चूना लगाया है। जांच के दौरान मामला पकड़ में आया। पैसा नहीं लौटाने पर शाखा प्रबंधक समेत तीन कर्मियों के खिलाफ फर्जीवाड़े की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के नासिरपीर मोहल्ले में सोनाटा फाइनेंस कंपनी संचालित है। कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक शिव बहादुर निवासी अर्जुनपुर निबी गहरवार थाना विंध्याचल जिला मिर्जापुर ने पुलिस केे तहरीर देकर बताया कि नासिरपीर शाखा में प्रबंधक उत्तरा सिंह निवासी गुद्रा थाना कादीपुर जिला सुल्तानपुर, बिजनेस रिलेशनशिप आफिसर आशिक कुमार निवासी भट्ठा कोठी मालौ थाना चौबेपुर कानपुर, साजिद अली निवासी तिगाईं थाना अकबरपुर कानपुर देहात कर्मचारी हैं।
तीनों ने मिलकर ग्राहकों के फर्जी दस्तावेज लगाए। कुछ दस्तावेज अपने रिश्तेदारों के लगाए। उन कागजातों पर 13 लाख 42 हजार रुपये का फाइनेंस किया गया। फाइनेंस की रकम कर्मी अपने व रिश्तेदारों के खातों में डालकर हड़प कर गए।
साल 2021 के आडिट के दौरान मामला पकड़ में आया। जांच के दौरान गबन की बात तीनों ने स्वीकार की। इसके बाद कंपनी में तीन लाख 59 हजार 413 रुपये जमा कराए।
नौ लाख 82 हजार 588 रुपये हड़प कर गए हैं। कोतवाल अरुण कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि फर्जीवाड़े की रिपोर्ट दर्ज की गई है। हरिहरगंज चौकी इंचार्ज को जांच सौंपी गई है।