फतेहपुर। जिला सेवायोजन विभाग मार्च महीने के अंतिम सप्ताह में अपना लक्ष्य पूरा करने के लिए अंतिम रोजगार मेला लगाने जा रहा है। इसके लिए विभाग देश भर की लिमिटेड कंपनियों से संपर्क कर रहा है। लक्ष्य पूरा करने के लिए विभाग को 968 युवाओं को नौकरियों से जोड़ना होगा।
सरकार ने जिला सेवायोजन कार्यालय को वर्ष 2021-22 में 1472 युवाओं को नौकरी से जोड़ने का लक्ष्य दिया गया था। कोरोना संक्रमण के कारण सिर्फ दो ही ऑफलाइन रोजगार मेले लग पाए हैं।
ऐसे में विभाग के माध्यम से सिर्फ 496 युवाओं को नौकरी मिली है। 14 जनवरी को रोजगार मेला प्रस्तावित था। इसकी तैयारी भी हो चुकी थीं, लेकिन विधानसभा चुनाव की अचार संहिता लागू हो जाने के कारण मेला स्थगित हो गया।
जिला सेवायोजन अधिकारी उज्ज्वल सिंह ने बताया कि पहले कोरोना संक्रमण फिर विधानसभा चुनाव के कारण लक्ष्य में खासा पीछे हैं। लक्ष्य पूरा करने के लिए मार्च महीने के अंतिम सप्ताह में मेगा रोजगार मेला लगाया जाएगा।