फतेहपुर। मंडलीय बाल क्रीड़ा रैली में जिले के खिलाड़ियों ने खासा प्रदर्शन किया। कुश्ती प्रतियोगिता में अन्य सभी जिलों के प्रतिभागी टिक नहीं पाए।
बालिका कुश्ती 45 किलो भार वर्ग में उच्च प्राथमिक मिराई की कक्षा सात की छात्रा प्रभा ने पहला स्थान हासिल कर मंडल विजेता बनीं। बीएसए संजय कुशवाहा 27 दिसंबर को विजेता प्रतिभागियों को कार्यालय में सम्मानित करेंगे।
मंडल स्तरीय तीन दिवसीय प्रतियोगिता स्पोर्ट्स स्टेडियम अटेवा कौशांबी में 24 दिसंबर को हुई। प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक मिराईं की 40 किलो वजन में कक्षा आठ की छात्रा शालू विजेता बनीं।
इसी स्कूल की 30 किलो भार वर्ग में कक्षा आठ की छात्रा शिवानी ने दूसरा स्थान पाया। समूह गान में देवमई प्रथम उच्च प्राथमिक पड़री ने दूसरा स्थान हासिल किया।
अंत्याक्षरी में उच्च प्राथमिक पडरी को पहला स्थान मिला। प्राथमिक शिवपुर के सत्यम 200 मीटर दौड़ में प्रथम रहे। बालिका वर्ग 200 मीटर दौड़ में कंपोजिट बेर्रांव की सोनी ने पहला स्थान पाया।
इसी स्कूल के सचिन ने 80 मीटर बाधा दौड़ और 100 मीटर रिले में प्रथम स्थान पाया। प्राथमिक विद्यालय कुल्ली के बालक खो-खो और बालिका खो-खो में द्वितीय रहीं।
200 मीटर दौड़ बालिका में उच्च प्राथमिक टिकरी मनौती ने पहला स्थान पाया। कंपोजिट सखियांव की रोशनी देवी और संतोषी जूडो कराटे में दूसरे स्थान पर रहीं। प्राथमिक नयापुरवा के हिमांशू लंबी कूद में विजेता बने। प्राथमिक गुरवल के अनिल ने 50 और 100 मीटर दौड़ में पहला स्थान हासिल किया। लंबी कूद में शिवम ने दूसरा स्थान पाया।
उच्च प्राथमिक पपरेंदा के कौशल 30 किलो भार वर्ग कुश्ती में पहले स्थान पर रहे। प्राथमिक सोनही की छात्रा अलका देवी 25 किलो भार वर्ग में पहले स्थान पर रहीं। कबड्डी में उच्च प्राथमिक दनियालपुर और हसवा की संयुक्त टीम विजेता बनी। बालिका वर्ग योगा में कंपोजिट विद्यालय करसूमा ने पहला स्थान पाया।