धाता। कस्बे के रावण मैदान से रमपुरवा मोड़ तक जिला पंचायत की सड़क को लेकर व्यापारी विरोध कर रहे हैं। इस कारण यह सड़क नहीं बन पा रही है। सड़क की समस्या को लेकर व्यापारियों से बातचीत की गई तो उन्होंने अपना पक्ष रखा। व्यापारियों ने कहा कि सड़क बनाने से पहले नाली का निर्माण हो, इसके साथ ही सड़क चौड़ी की जाए।
व्यापार मंडल के राजकुमार सिंह, सुनील केसरवानी, चंदन सिंह, प्रेमचंद्र केसरवानी, रोहित आदि व्यापारियों ने कहा कि इस मार्ग पर तीन बैंक, स्कूल, कॉलेज, मुख्य बाजार है। ऐसे में यहां पर सुबह से शाम तक भीड़ रहती है।
अब तक जो सड़क बनी थी, उसमें नाली नहीं थी। नतीजा यह होता था कि लोगों के घरों का पानी सड़क पर जमा रहता था। जिला पंचायत अब सड़क बना रहा है तो इसे पूरी तरह से व्यवस्थित करें।
व्यापारियों का पक्ष केवल इतना है कि अभी प्रस्ताव, संशोधित किया जा सकता है। धाता में जिला पंचायत की सड़क पर दोनों ओर पक्की नाली का निर्माण कराया जाए।
इसके बाद सड़क को इंटरलाकिंग किया जाए। जिससे लोगों को लंबे समय तक सड़क को लेकर विरोध न करना पड़े। व्यापारियों ने कहा कि उन्होंने जिला पंचायत सदस्य बाबूलाल सरोज के सामने भी अपना पक्ष रखा है। जिससे व्यापारियों व धाता आने वाले लोगों को सहूलियत मिल सके।
व्यापारी मुहम्मद जाफर ने कहा कि दो साल पहले जिला पंचायत ने रावण मैदान से रमपुरवा मोड़ तक डामर रोड बनाई थी, जो साल भर में टूट गई। इसलिए सड़क बनाने से पहले नाली निर्माण हो और इसके बाद सड़क बने।
किराना कारोबारी धीरेंद्र केसरवानी ने कहा कि मुख्य बाजार व कौशांबी सहित कई जगह जाने का यह मुख्य मार्ग है। इसमें बाजार सहित क्षेत्र के लोग आते हैं। दिन भर जाम लगता है। इसलिए सड़क को चौड़ा भी होना चाहिए। व्यापारी हर तरह का सहयोग देंगे।