फतेहपुर। नशीला पदार्थ खिलाकर विवाहिता को कुएं में फेंकने का असोथर पुलिस ने एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया है।
असोथर थाना क्षेत्र के कुसुंभी गांव निवासी बखोली सिंह की पुत्री अन्नू देवी की शादी 18 जून 2017 को राजेंद्र सिंह निवासी खपटिहाकला थाना पैलानी जिला बांदा के साथ हुई थी।
शादी के कुछ दिनों बाद ही उसका पति राजेंद्र सिंह, सास विष्णुकांती और ननद अभिलाषा दहेज की मांग करने लगे थे। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर वह बेटी को प्रताड़ित करते थे। कुछ दिन बाद बेटी को एक पुत्र भी हुआ।
इसके बाद भी ससुरालियों ने उसे प्रताड़ित करना बंद नहीं किया। इस पर बेटी की ओर से घरेलू हिंसा और भरण पोषण का ससुरालियों के खिलाफ वाद कोर्ट में दाखिल किया। वह लोक अदालत मेें समझौते के बाद ससुराल गई थी।
31 अक्तूबर 2021 की पति और सास ने उसके खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। जब वह बेहोश हो गई, तो उसे जान से मारने की नीयत से कुएं में फेंक दिया। वह कई घंटे कुएं में पड़ी रही।
होश आने पर आसपास के लोगों ने उसकी चीख सुनीं, तो उसे बाहर निकाला। उसके हाथ पैर में काफी चोट आईं थी। एंबुलेंस से उसे बांदा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहां इलाज कराने के बाद वह बेटी को फतेहपुर ले आए थे। थानाध्यक्ष डीडी सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच के बाद कार्रवाई होगी।