फतेहपुर। दिवाली मेला में ज्वालागंज रोडवेज बस अड्डा से 12 रूटों पर 108 बसों का संचालन होगा। इसके लिए परिवहन निगम के अधिकारियों ने तैयारी पूरी कर ली है। चित्रकूट मेला में 34 बसें चलाई जाएंगी। जिसमें 25 बसें बांदा रूट व नौ बसे धाता-राजापुर मार्ग से चलेंगी।
परिवहन निगम चित्रकूट मेला के लिए दो से छह नवंबर तक बसों का संचालन शुरू कराएगा। वहीं दिवाली मेला दो से 11 नवंबर तक चलेगा। इसमें डिपो की 108 बसों का रूट चार्ट तैयार कर लिया गया है। चार बसों को रिजर्व में रखा गया है।
जो बस अड्डा से चित्रकूट के अलावा कानपुर-प्रयागराज, दिल्ली, आगरा, मथुरा, बलिया, हरदोई, अमौली-जहानाबाद से प्रयागराज, पुखरायां, इटावा के लिए चलेंगी। स्थानीय मार्गों के लिए 13 और रिजर्व में चार बसों का रखा गया है।
एआरएम एमएल केशरवानी ने बताया कि कार्यशाला की जिम्मेदारी प्रभारी दुर्गाशंकर विश्वकर्मा, वाहन आवंटन बीएस बाजपेई व रामनाथ को दी गई है। जरूरत के अनुसार बसों को उपलब्धता व बस अड्डा से संचालन कराने की जिम्मेदारी किरन कुमारी को दी गई है। इसके साथ ही सुपरवाइजर स्टाफ के अवकाश रद्द कर दिए गए हैं।
दिवाली मेला में लगातार ड्यूटी करने पर मिलेगा ईनाम
फतेहपुर। परिवहन निगम प्रबंधन ने दस दिवसीय दिवाली मेले पर लगातार ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों के लिए नगद पुरस्कार की घोषणा की है। प्रबंध निदेशक नवदीप रिनवा के जारी आदेश में कहा गया है कि दो से 11 नवंबर तक लगातार दस दिन ड्यूटी करने तथा प्रतिदिन 300 किमी बस चलाने पर 4000 रुपये और नौ दिन लगातार ड्यूटी करने पर 3150 रुपये पुरस्कार दिया जाएगा।
इस अवधि में कार्यशाला कर्मियों को लगातार 10 दिन ड्यूटी करने पर 1250 रुपये व नौ दिन लगातार ड्यूटी करने पर 1000 रुपये नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
क्षेत्रीय प्रबंधक एमएल केशरवानी ने अधीनस्थों को प्रबंध निदेशक के आदेश की जानकारी सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दी है। डिपो में प्रोत्साहन धनराशि की जानकारी सभी कर्मियों को देने के लिए विवरण नोटिस बोर्ड पर भी लगा दिया गया है।