बिंदकी। इफ्को केंद्र में पहले डीएपी लेने के प्रयास में किसानों से मारपीट होने के दूसरे दिन शनिवार को पुलिस सुरक्षा में डीएपी का वितरण हुआ।
केंद्र प्रभारी की मांग पर एसडीएम ने दो पुलिस कर्मी और लेखपाल को केंद्र पर खाद वितरण के लिए नियुक्ति किया। उधर, जिला कृषि अधिकारी बृजेश सिंह ने इफ्को केंद्र का निरीक्षण किया। किसानों की भीड़ होने के कारण एक अतिरिक्त वितरण केंद्र शुरू कराया।
नवीन मंडी समिति बिंदकी के पीछे बने इफ्को किसान सेवा केंद्र में शुक्रवार की देर शाम किसान डीएपी लेने के प्रयास में कुछ किसानों के बीच मारपीट हो गई थी।
केंद्र प्रभारी विनय श्रीवास्तव ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर केंद्र में पुलिस तैनात करने की मांग की। शनिवार को तहसीलदार चंद्रशेखर यादव केंद्र पहुंचे और एक लेखपाल और दो पुलिस कर्मियों को तैनात किया।
उधर, शनिवार की दोपहर जिला कृषि अधिकारी बृजेश सिंह इफ्को किसान सेवा केंद्र पहुंचे। उन्होंने ई-पॉश मशीन और केंद्र के स्टाक का मिलान किया। मशीन में 1053 बोरी की रसीद कटी थीं।
गोदाम में 1203 बोरी डीएपी मौजूद मिली। इस पर केंद्र प्रभारी से सवाल जवाब किया। केंद्र प्रभारी ने बताया कि कुछ किसान रसीद कटवा चुके हैं लेकिन अभी खाद नहीं उठाई है।
शाम तक सभी किसान डीएपी उठा ले जाएंगे। कृषि अधिकारी ने केंद्र में भीड़ देखते हुए डीएपी वितरण के लिए एक अतिरिक्त काउंटर खुलवाया।
कृषि अधिकारी ने केंद्र प्रभारी को स्टाक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। इस मौके पर सहकारिता अधिकारी राम नयन सिंह, इफ्को अधिकारी अतर सिंह यादव, लेखपाल भान सिंह मौजूद रहे।