नशे में धुत पुलिसकर्मियों का वीडियो वायरल होने से महकमे में हड़कंप मच गया। नशे की वजह से पुलिस कर्मी जमीन से उठ नहीं पा रहे थे। वीडियो जब एसपी के पास पहुंचा तो उन्होंने तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में नशे में जमीन पर लेटे होने का वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने दो हेड कांस्टेबल समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया है। महकमे में कार्रवाई से हड़कंप मचा है। निलंबन के बाद पुलिस कर्मियों ने लाइन में आमद कराई है।
विज्ञापन
सदर कोतवाली क्षेत्र के शादीपुर रेलवे नाका के पास तीन पुलिसकर्मियों का मंगलवार को वीडियो वायरल हुुुआ था। दो पुलिस कर्मी जमीन पर लेटे हुए थे। उनके साथ का एक पुलिसकर्मी उन्हें उठाने में मदद कर रहा था। कुछ देर बाद भीड़ लगने पर मदद करने वाला पुलिस कर्मी मौके से चला जाता है।
नशे की वजह से जमीन से उठ नहीं पाने वाले पुलिसवालों को हरिहरगंज चौकी की कोबरा टीम किसी तरह रिक्शा में बैठाकर रवाना करती है। वायरल वीडियो को एसपी राजेश कुमार सिंह ने संज्ञान में लेकर जांच के आदेश दिए।
विज्ञापन
जांच में सामने आया कि लोधीगंज पुलिस चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल शिव नाथ, डायल 112 में तैनात हेड कांस्टेबल सुनील कुमार और कांस्टेबल बलवंत का नशे में जमीन पर लेटने वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। पुलिसकर्मियों की हरकत से महकमे की बदनामी हुई। एसपी पीआरओ आलोक पांडेय ने बताया कि तीनों पुलिस कर्मियों को निलंबित किया गया है।