फतेहपुर। गंगा के साथ यमुना नदी का भी जलस्तर बढ़ने लगा है। 24 घंटे में गंगा नदी का जलस्तर 1.5 फीट बढ़ा है। वहीं, यमुना का जलस्तर तीन मीटर से अधिक बढ़ गया है। दोनों नदियों में दो दिन से बढ़ रहे जलस्तर को लेकर अधिकारी अलर्ट हो गए हैं। बाढ़ से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों का निरीक्षण भी शुरू किया है।
सोमवार को गंगा का जलस्तर 99.420 मीटर से बढ़कर मंगलवार को 99.880 पर पहुंच गया। जो चेतावनी बिंदु से एक मीटर कम है। वहीं, यमुना नदी का जलस्तर 84.50 मीटर से बढ़ कर 87.61 मीटर पर पहुंच गया है।
24 घंटे में तीन मीटर से अधिक जलस्तर बढ़ा है, लेकिन यहां पर खतरे का निशान 100 मीटर पर है। प्रशासन ने बाढ़ से निपटने के लिए 44 चौकियां बनाई हैं। इनमें राजस्व निरीक्षक, स्वास्थ्य कर्मियों और नाविकों को तैनात किया गया है। एडीएम लालता प्रसाद शाक्य ने सभी को अलर्ट रहने के निर्देश जारी कर दिए हैं।