फतेहपुर। बारिश के पानी का संचयन करने और गिरते जलस्तर को बढ़ाने के लिए खेत-तालाब योजना के तहत तालाब बनाए जाएंगे। खेत में तालाब बनाने के लिए किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान मिलेगा। इसके लिए किसानों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। जिले में कृषि विभाग को 60 तालाबों की खुदाई का लक्ष्य शासन से दिया गया है।
प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना से खेत में तालाब बनाने की योजना चालू की गई है। लघु तालाब के लिए किसानों को 22 मीटर लंबा, 20 मीटर चौड़ा और तीन मीटर गहरा तालाब बनाना होगा। मध्यम तालाब के लिए 35 मीटर लंबा, 30 मीटर चौड़ा और तीन मीटर गहरा तालाब खुदवाना होगा। लघु तालाब के लिए एक लाख पांच हजार रुपये लागत तय की गई है।
इसमें किसानों को 52500 रुपये अनुदान मिलेगा। मध्यम तालाब खुदाई में दो लाख 28 हजार 400 रुपये लागत तय की गई है और एक लाख 14 हजार 200 रुपये किसानों को अनुदान मिलेगा।
भूमि संरक्षण अधिकारी राष्ट्रीय जलागम आरपी कुशवाहा ने बताया कि अनुदान की धनराशि तीन किस्तों में दी जाएगी। इस योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को यूपी एग्रीकल्चर की वेबसाइट पर पंजीकरण कराना होगा।
फिर ऑनलाइन टोकन बुक कराना होगा। टोकन मनी यूनियन बैंक शाखा में जमा होगी। टोकन मनी जमा होने की सूचना किसान के मोबाइल नंबर पर दी जाएगी। फिर 15 दिन के अंदर किसान को तालाब खुदाई शुरू करनी होगी।