फतेहपुर। संविदा कर्मियों की हड़ताल से जिले भर में बिजली व्यवस्था बेपटरी हो गई। फाल्ट के कारण शहर के हरहिरगंज और बेरुईहार उपकेंद्र से तो दिनभर आपूर्ति ठप रही। आबू नगर व मुराइनटोला उपकेंद्र के फीडर भी फाल्ट के कारण बंद रहे। ग्रामीण इलाकों में भी बिजली की समस्या बनी रही। शाम करीब साढ़े सात बजे फाल्ट ठीक कराकर विभाग आपूर्ति बहाल कर सका।
लंबे समय से चली आ रही मांगों को लेकर संविदा कर्मियों ने मंगलवार को हड़ताल की घोषणा की थी। कर्मचारी मंगलवार सुबह ही लखनऊ में होने वाले धरना प्रदर्शन में शामिल होने चले गए। ऐसे में जहां भी फाल्ट हुए उन्हें ठीक नहीं किया जा सका और आपूर्ति ठप हो गई।
बेरुईहार उपकेंद्र की 33 केवीए लाइन में सुबह नौ बजे फाल्ट से आपूर्ति बंद हो गई। इससे शहर के महारथी मोहल्ला, कटरा अब्दुल गनी, पीरनपुर, जीटी रोड, लोधीगंज में बिजली सप्लाई बंद रही। हरिहरगंज उपकेंद्र की 33 केवीए लाइन की केबल में सुबह 10 बजे फाल्ट आ गया। इससे वर्मा चौराहा, कलक्टरगंज, हरिहरगंज, रेल बाजार, गढ़ीवा मोहल्ले की आपूर्ति बाधित रही।
आबूनगर उपकेंद्र से निकली एचटी लाइन पर पेड़ की डाल टूटकर गिरने से पटेल नगर, सिविल लाइंस की आपूर्ति बंद रही। अकेले शहर की करीब 50 हजार की आबादी बिजली संकट से जूझती रही। ग्रामीण इलाकों में भी जहां भी फाल्ट हुए उन्हें ठीक करने में विभाग को खासी परेशानी हुई।
उपखंड अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि संविदा कर्मियों के हड़ताल पर जाने से फाल्ट सही करने में दिक्कत हुई है। बेरुईहार उपकेंद्र की सात किमी लंबी मेन लाइन में फाल्ट ढूंढने में दिक्कत हुई। हरिहरगंज उपकेंद्र की केबल में फाल्ट सही कराने के लिए कर्मचारियों को लगाया था। शाम को फाल्ट सही कराकर दोनों उपकेंद्रों की आपूर्ति बहाल करा दी गई है।
डीएम पहुंची तो गैरहाजिर मिले अफसर
पूर्वांचल विद्युत वितरण खंड प्रथम व उपखंड कार्यालय का डीएम अपूर्वा दुबे ने मंगलवार को औचक निरीक्षण किया। यहां पर अधिकारियों समेत कई लिपिक गैरहाजिर मिले। अधिकारियों के न मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई।
डीएम अपूर्वा दुबे ने सुबह करीब पौने 10 बजे नई तहसील रोड स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय व उपखंड अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया। उपखंड कार्यालय में अधिकारी कर्मचारी नदारद रहे और अधिशासी अभियंता कार्यालय में एक्सईएन के न मिलने पर नाराजगी जताई।
फोन से जानकारी लेने पर एक्सईएन ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय में होने की बात कही। डीएम ने निर्देश दिए कि बिल जमा करने वाली खिड़की के पास दीवार पर समय लिखवाया जाए। उनके साथ एसडीएम सदर प्रमोद झा मौजूद रहे।