खागा (फतेहपुर)। कूरा गांव की देशी शराब की दुकान पर मिली मिलावटी शराब के मामले में पुलिस ने रविवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि उसने ही सेल्समैन को फर्जी क्यूआर कोड, शीशी व नकली ढक्कन की सप्लाई की गई थी। आरोपी को फर्जी सामान बेचने वाले की तलाश पुलिस ने शुरू कर दी है।
21 जुलाई को आबकारी व खागा पुलिस टीम ने कूरा गांव स्थित देशी शराब की दुकान पर छापा मारा था। यहां से 110 पौवा मिलावटी शराब, 40 खाली पौवा, 1000 हजार नकली ढक्कन व फर्जी क्यूआर कोड बरामद हुए थे। मौके से सेल्समैन रामशंकर व उसके बेटे संदीप निवासी मर्दनपुर थाना सुल्तानपुर घोष को गिरफ्तार किया गया था।
पूछताछ में बिंदकी के गोकुलपुर गांव निवासी कुलदीप यादव का नाम सामने आया था। कुलदीप ने रामशंकर को फर्जी ढक्कन, क्यूआर कोड, शीशी मुहैया कराई गई थी। पुलिस ने रविवार को कुलदीप को भोगलपुर मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर खागा संतोष शर्मा ने बताया कि कानपुर के एक युवक ने फर्जी सामान कुलदीप को बेचा गया था। उसकी तलाश की जा रही है।