छिवलहा। इंटर की परीक्षा में असफल हुए एक छात्र ने जहर खाकर जान दे दी। घटना से परिजनों में कोहराम मचा गया। पुलिस को सूचना दिए बगैर ही परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया।
हथगाम थाना क्षेत्र का रहने वाला एक 17 वर्षीय किशोर कक्षा बारह का छात्र था। उसने रविवार को नवाबगंज चौराहे के पास से एक दुकान से जहरीले पदार्थ की दो पुड़िया खरीदी और घर पहुंचकर उसका सेवन कर लिया।
हालत बिगड़ने पर किशोर ने ही घरवालों को जहर खाने की जानकारी दी।
आनन-फानन परिजन उसे लेकर प्राइवेट अस्पताल पहुंचे, जहां सोमवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया गया कि किशोर इंटर का छात्र था।
वह पढ़ाई में औसत था लेकिन अंग्रेजी के पेपर में कम नंबर मिले थे, जिससे वह फेल हो गया। फेल होने से वह काफी परेशान था।