फतेहपुर। बीएड प्रवेश परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। बुधवार को 13 केंद्रों पर होने वाली प्रवेश परीक्षा में 5000 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रत्येक परीक्षार्थी की उपस्थिति बायोमेट्रिक से होगी। परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी। इसके साथ सभी केंद्रों की दो-दो पर्यवेक्षक निगरानी करेंगे। परीक्षा केंद्र में मोबाइल, घड़ी, चश्मा समेत कोई इलेक्ट्रॉनिक सामग्री ले जाना वर्जित है।
दो पालियों में होने वाली बीएड प्रवेश परीक्षा की पहली पाली सुबह नौ बजे से 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक होगी। परीक्षा केंद्र में आधा घंटे पहले परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। पर्यवेक्षक और केंद्र व्यवस्थापक ही मोबाइल रख सकेंगे। एसोशिएट डीआईओएस कृपाशंकर यादव ने बताया कि परीक्षा की तैयारी पूरी हो गई है। प्रश्नपत्र जिला कोषागार से परीक्षा शुरू होने के आधा घंटे पहले केंद्र पहुंचाए जाएंगे।
यह कालेज बनाए गए केंद्र
एएस इंटर कालेज, मुस्लिम इंटर कालेज, सर्वोदय इंटर कालेज गोपालगंज, महात्मा गांधी डिग्री कालेज शांतिनगर, शुकदेव इंटर कालेज खागा, नेहरू इंटर कालेज बिंदकी, राजकीय बालिका इंटर कालेज फतेहपुर, राजकीय इंटर कालेज फतेहपुर, राजकीय बालिका इंटर कालेज मलवां, राजकीय महिला महाविद्यालय फतेहपुर, जनहितकारी इंटर कॉलेज खागा, सदाशिव इंटर कालेज रेलबाजार, निरंकारी बालिका इंटर कालेज ज्वालागंज।