फतेहपुर। सुबह से दोपहर तक की बारिश ने नगर पालिका व पीडब्ल्यूडी की पोल खोल दी है। शहर की सड़कें ओवरफ्लो हो गईं और गड्ढायुक्त सड़कें कीचड़ में बदल गईं। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कतें उठानी पड़ीं। वहीं, सूख रही तिल, अरहर और ज्वार की फसलों में जान आ गई। किसानों ने खुशी जताई।
बुधवार को सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक लगातार हल्की बारिश हुई। बारिश के पहले नगर पालिका द्वारा कराए गए नालों की सिल्ट सफाई की पोल खुल गई। शहर के खलील नगर, रानी कॉलोनी, देवीगंज, जीटी रोड में जलभराव हो गया। लोगों को पानी से घुसकर निकलना पड़ा। वहीं, राधानगर-शाह मार्ग बारिश से कीचड़ में बदल गई। रेलवे अंडरपास पुल में एक फीट से अधिक पानी भर गया। बाइक निकालते समय बीच में ही बंद हो गईं और
लोगों को खींच कर बाइक को पानी से बाहर निकालना पड़ा। वहीं, तिल, ज्वार, अरहर की फसलें बारिश की बूंदों से हरीभरी हो गई हैं। जिन किसानों ने किसी तरह धान की रोपाई कर ली थी और तेज धूप में फसलें मुरझा रही थीं, उनको कुछ दिन के लिए राहत मिल गई है। किसानों का कहना है कि अभी धान रोपाई की जाए, इतनी बारिश तो नहीं हुई है, लेकिन जो धान लग गया है, उसको कुछ राहत मिल गई है।
फतेहपुर। बारिश में कई जगह विद्युत लाइन में फाल्ट हो गया और कई मोहल्लों के करीब नौ घंटे आपूर्ति बाधित रही। बेरुईहार उपकेंद्र से जुड़े फीडर के हाईटेंशन लाइन का 11 बजे तार टूट गया। इससे पीरनपुर, अरबपुर, कटरा अब्दुलगनी, मसवानी, जीटी रोड समेत कई मोहल्लों की बिजली बंद हो गई। शाम को आठ बजे फाल्ट सही हुआ, तब विद्युत आपूर्ति बहाल हुई। इसी प्रकार, आबूनगर के आवास विकास कॉलोनी की विद्युत आपूर्ति पांच घंटे बंद रही।
खागा। आधा घंटे की तेज बारिश से नगर की सड़कें और गलियां पानी से लबालब हो गईं। इसके बाद दो घंटे तक रिमझिम बारिश हुई और मौसम खुशनुमा हो गया। करीब 12 बजे से आधा घंटे तेज बारिश हुई। इससे जीटी रोड, सब्जी मंडी, चौक बाजार, किशनपुर रोड, बस स्टैंड, नई बाजार, जीटी रोड युवराज नगर, रेलवे क्रॉसिंग, आरओबी के नीचे, सराफा बाजार, पक्का तालाब, सुपर मार्केट की सड़कें लबालब हो गईं। साढ़े बारह बजे के बाद जब बारिश धीमी हुई तो सड़कों का पानी कम हुआ ओर लोगों की आवाजाही शुरू हुई। हालांकि तीन बजे से रिमझिम बारिश होती रही।