अमौली। खेत से गुजरी हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से गुरुवार दोपहर किसान की फसल में आग लग गई। टूटा तार फसल की सुरक्षा में लगी कटीले तारों पर भी गिरा। इससे कटीले तारों में भी करंट फैल गया और उसकी चपेट में आने से किसान की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
चांदपुर थाना क्षेत्र के खदरा गांव निवासी रामराज वर्मा (40) गुरुवार को केत पर गेहूं की कतराई कर रहे थे। उनके भाई नरेश ने बताया कि इसी दौरान हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर पड़ा, इससे फसल में आग लग गई। आग को बुझाने के लिए रामराज ग्रामीणों को बुलाने जा रहे थे तभी वे खेत में लगे कटीले तार के चपेट में आ गए, जिसमें करंट दौड़ रहा था।
इससे किसान की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक हाईटेंशन लाइन जर्जर हो गई थी। इसकी शिकायत तीन दिन पहले ही जेई बंशीधर से ग्रामीणों ने शिकायत की थी। जेई ने बजट की कमी बताकर टरका दिया था। थानाध्यक्ष योगेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।