थरियांव थाना क्षेत्र में हाईवे पर बाइक सवार पिता-पुत्र समेत तीन को कानपुर की ओर से आ रहे ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। पिता की हालत चिंताजनक है। हादसे के बाद भीड़ ने हाईवे पर जाम लगाकर करीब डेढ़ घंटे हंगामा किया। कई थानों की फोर्स पहुंचने के बाद पुलिस शवों को कब्जे में ले सकी।
हथगाम थाने के सराया साबा नगरा गांव निवासी अर्जुन सिंह की जमीन के विवाद की गुरुवार को कोर्ट में तारीख थी। यह अपने बेटे नरेश(21) व पड़ोसी रामपाल(50) के साथ बाइक से कचहरी आ रहे थे। नरेश बाइक चला रहा था। सुधवां मोड़ के पास ओवरटेक कर रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे छिटक कर तीनों हाईवे पर गिर गए । नरेश और रामपाल को ट्रक कुचलता हुआ निकल गया। इनकी मौके पर मौत हो गई। ट्रक का पहिया चढ़ जाने से नरेश के हेलमेट के टुकड़े-टुकड़े हो गए थे।
हादसे की खबर पर हंसवा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। अर्जुन सिंह की हालत नाजुक देखकर जिला अस्पताल भेज दिया गया। जिला अस्पताल से डाक्टरों ने अर्जुन को कानपुर रेफर कर दिया। दुर्घटना की खबर गांव पहुंचते ही ग्रामीण व परिजन पहुंच आ गए। ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर सीओ लाइन एसपी मलिक, कोतवाल सच्चिदानंद त्रिपाठी, थरियांव एसओ बिपिन कुमार, असोथर एसओ राजेश मौर्या पहुंच गए। ट्रक चालक को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने हंगामा किया। इससे करीब डेढ़ घंटे तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा। मुआवजे व कार्रवाई के आश्वासन पर मामला शांत हो सका।