प्रेमनगर कस्बे में शुक्रवार की रात तीन बदमाशों ने
किसान के बेटे के सीने में तमंचा लगाकर लूटपाट की। बदमाश जान से मार डालने
की धमकी देकर नगदी, जेवर समेत एक लाख रुपये का माल समेट ले गए। पीड़ित
परिवार ने थाने में तहरीर दी है।
कस्बा निवासी किसान बुद्दा और उसकी
पत्नी शुक्रवार सुबह अपने रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने
जसराजपुर गए थे। रात को घर में बेटा सीताराम अकेला था। वह घर के बाहर
दरवाजे पर सो रहा था।
रात करीब 12 बजे तीन बदमाश आए और एक ने सीने पर तमंचा
सटा दिया। बकौल सीताराम उसने चीखने की कोशिश की तो दूसरे ने कहा कि चीखे
तो गोली मार दो। इससे वह डर गया और बदमाश उसे कमरे के भीतर घसीट ले गए।
इसके बाद बदमाश बक्से में रखे 30 हजार रुपये, दो किलो चांदी के जेवर और एक
दर्जन साड़ी समेत एक लाख का माल उठा ले गए। बदमाशों के भाग जाने पर सीताराम
ने शोर मचाया।
शोर सुनकर पड़ोसी जुटे और सीताराम के पिता को घटना की
जानकारी दी गई। सुबह परिवार ने थाने जाकर पुलिस को तहरीर दी। एसओ मनीष
पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच कराई जा रही है।