सुसाइड करने के बाद लगी ग्रामीणों की भीड़
- फोटो : प्रतीकात्मक फोटो
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के गांव कोरसम में तीन बोरी गेहूं गायब होने पर हुए झगड़े में दंपति ने जहर खा लिया। जिससे पत्नी की मौत हो गई जबकि पति की हालत नाजुक है। पति को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
कल्यानपुर थानाक्षेत्र के गांव कोरसम निवासी देशराज व उसकी पत्नी बाबूदेई (55) के बीच घर में रखा तीन बोरी गेहूं गायब हो जाने पर शनिवार रात झगड़ा शुरू हो हुआ। दोनों एक-दूसरे पर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे। विवाद बढ़ने पर गुस्से में पत्नी व पति ने जहरीला पदार्थ खा लिया।
जिससे दोनों की हालत खराब हो गई, पड़ोसियों व ग्रामीणों को जानकारी होने तक पत्नी दम तोड़ चुकी थी। जीवन और मौत से संघर्ष कर रहे उसके पति को ग्रामीणों ने सीएचसी बिंदकी में देर रात भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी भी हालत चिंताजनक देख डाक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इधर परिजनों व रिश्तेदारों ने मृतका का अंतिम संस्कार पुलिस को बगैर सूचना दिए चंदिका माता गंगा घाट में कर दिया।
उधर, कल्यानपुर थाना क्षेत्र के गांव दलाबला खेड़ा में शनिवार रात विधवा सूरजकली की खेत में कम उपज देख सदमा लगने से मौत हो गई। सूरजकली अपने पति समरजीत सिंह की मौत के बाद दो बीघे भूमि की उपज से घर खर्च चलाती थीं। वह नाबालिग पुत्रों अजय व विजय का भरण-पोषण व पढ़ाई करा रही थीं।
ग्रामीणों के अनुसार, सूरजकली की लगातार चार फसलें सूखे व ओलावृष्टि से बर्बाद हो गई। इस बार गेहूं की फसल में कम उपज देख कर्ज से डूबी सूरजकली बहुत चिंतित रहती थी। ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर नाबालिग बच्चों को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।