घटनास्थल पर पड़े खून को देखते ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के शाह उपकेंद्र में तैनात एसएसओ की शुक्रवार रात खेत पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों की खोजबीन के दौरान शव खेत में मिला। हत्या का संदेह किसी करीबी पर है। सीओ व एसओ ने पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। हालांकि पुलिस अभी हत्या या आत्महत्या में उलझी है।
संविदा पर सब स्टेशन आपरेटर (एसएसओ) के पद पर तैनात ऋषभ उर्फ कन्हैया तिवारी (26) शाह कस्बा निवासी भाकियू के जिला महासचिव मधसूदन तिवारी के बेटे थे। पिता ने बताया कि वह शुक्रवार को कानपुर गए थे। उन्हें बड़ा बेटा राघवेंद्र शाम सात बजे स्टेशन लेने आया था। घर पहुंचने पर पता लगा कि ऋषभ पांच बजे नौकरी का फार्म भरने कस्बा गया था फिर घर नहीं लौटा। खोजबीन करने के बाद रात मेें शाह पुलिस चौकी खबर देने गए। वहां से लौटकर नलकूप पहुंचे तो नलकूप से कुछ दूर बेटे की बाइक खड़ी थी और खेत में बेटा खून से लथपथ मरा पड़ा था। पास ही कागजात से भरा बैग मिला। मधसूदन तिवारी ने बताया कि उनकी किसी से रंजिश नहीं है। अनुमान है कि बेटे को किसी जान पहचान वाले ने खेत पर बुलवाकर गोली मार दी। जान पहचान के व्यक्ति होने की वजह से बेटा आराम से खेत में दोनों पैर सिकोड़ कर बैठा था। गोली बायीं कनपटी में मारी गई है। सीओ मदन सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है पर मामला आत्महत्या का मालूम पड़ रहा है।