प्रापर्टी कारोबारी मनोज शिवहरे से 30 लाख की फिरौती की मांग करने और धमकी देने का चौथा आरोपी भी पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपी के पास से दो तमंचे भी बरामद हुए हैं। इसे जेल भेज दिया गया है।
आनंदपुरम नाथपुरी कालोनी निवासी मनोज शिवहरे प्रापर्टी के बड़े कारोबारी को 31 दिसंबर से दस दिन तक धमकियां दी जाती रहीं। नौ जनवरी को कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। क्राइम ब्रांच ने रिपोर्ट के तीन दिन बाद आरोपी शाहरूख उर्फ सुजा अब्बास निवासी चौधराना, आदिल हुसैन निवासी दक्षिणी खेलदार, तौफीक अहमद निवासी मोहल्ला पनी निवासी कोतवाली को गिरफ्तार किया था।
आरोपियों ने अपने साथी गोलू सिंह उर्फ रोहित सिंह निवासी रिफ्यूजी कालोनी का नाम भी कबूला था। जेल चौकी इंचार्ज छविनाथ सिंह और हरिहरगंज चौकी इंचार्ज कैलाश नाथ की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी गोलू जेल रोड से धर दबोचा गया। आरोपी की पड़ताल में पता चला कि उसके पिता शिवमंगल सिंह रिटायर टीचर हैं। चौकी इंचार्ज छविनाथ सिंह ने बताया कि आरोपी को मंगलवार की रात चेकिंग के दौरान पकड़ा था। आरोपी के पास से दो तमंचे बरामद हुए हैं।