जिला मुख्यालय पर रुद्रपुर विधानसभा सीट के लिए बुधवार को बसपा प्रत्याशी जसवंत सिंह, उक्रांद प्रत्याशी बीडी कांडपाल के अलावा 4 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन दाखिल किए।
नामांकन प्रक्रिया के पांचवें दिन समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे उत्तराखंड क्रांति दल के प्रत्याशी बीडी कांडपाल ने एसडीएम के समक्ष अपना पर्चा दाखिल किया। उनके साथ कांति भाकुनी, चंपा पांडेय, गीता देवी, सुनीता, मोहन सिंह, अशोक, कमलेश, हेमंत गिरि, माया देवी आदि भी मौजूद थे। इसके अलावा बसपा प्रत्याशी जसवंत सिंह ने भी समर्थकों के साथ जुलूस प्रदर्शन के बाद कलक्ट्रेट पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
वहीं पिछली बार आम आदमी पार्टी से चुनाव लड़ चुके संजय साहनी ने भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पर्चा दाखिल किया। नामांकन के समय उनके साथ सुमित रस्तौगी, लक्ष्मण सिंह, बसंत सिंह, सुमित आनंद, राजा राम, सूरज कश्यप, मधू, असलम, पवन आदि मौजूद थे। इसके अलावा इंकलाबी मजदूर केंद्र समर्थित प्रत्याशी कैलाश चंद्र भट्ट ने भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। भट्ट ने इससे पहले मजदूर संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं के साथ ट्रांजिट कैंप फुटबाल मैदान से विभिन्न मार्गों पर होते हुए जुलूस निकाला। भगत सिंह चौक पर उनकी सभा भी हुई। उनके साथ शिवदेव सिंह, चंदन सिंह आदि भी थे। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में बुधवार को सुरेंद्र उपाध्याय और मनप्रीत सिंह ने भी अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। जिले की सभी विधानसभाओं के अन्तर्गत विभिन्न राजनैतिक दलों के साथ ही निर्दलीय समेत कुल 22 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।