जाफरगंज थाना क्षेत्र के मांझेपुर इलाके में बकरी व्यापारियों से हुई सनसनीखेज लूटकांड में एसपी ने चौकी प्रभारी चंद्रमा प्रसाद तिवारी को सस्पेंड कर दिया। उनका दावा है कि ड्यूटी स्थल पर पुलिस के न होने से वारदात हुई। वहीं लुटेरों की तलाश में लगाई गई क्राइम ब्रांच टीम पड़ोसी जिले में गई है।
बता दें चांदपुर थाना क्षेत्र के गौरा गांव निवासी बकरी व्यापारी वसीम और अफसर गुुरुवार को जाफरगंज बाजार में मवेशी बेचकर जा रहे थे। रास्ते में वसीम को गोली मारकर दोनों व्यापारियों से 80 हजार रुपये बदमाश लूट ले गए थे। पुलिस की जांच के बाद बदमाशों के सीमावर्ती पड़ोसी जिले के होने का खुलासा हुआ।
इसके बाद एसपी ने निर्देशन पर एक टीम भेजी गई है। वहीं, एसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि यह घटना पुलिस की चूक से हुई थी। एसपी ने बताया कि एचसीपी चंद्रमा प्रसाद चौकी इंचार्ज के पद पर तैनात थे। उन्हें बाजार की वजह से मांझेपुर में तैनात किया गया था।
जहां पर वाहनों की चेकिंग भी की जानी थी। वे सतर्क ता से ट्रिपलिंग करने वाले बाइक सवारों की चेकिंग करते तो घटना नहीं होती। घटना हो भी जाती तो बदमाशों की धरपकड़ की जा सकती थी। ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में सस्पेंड किया गया है।