असोथर थाना क्षेत्र के रामनगर कौंहन गांव निवासी विजय पाल रैदास (25) पुत्र मत्तू का शव रविवार को पैनाकलां गांव के समीप झाड़ियों के पीछे मिला था। थानाध्यक्ष शिवमंगल सिंह ने शनिवार को पमरौली गांव के शिवबरन साहू और उसके बेटे महेश ऊर्फ लाला को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आला कत्ल में शामिल तमंचा, कारतूस, कु ल्हाड़ी और बोलेरो बरामद किया है। युवक का शव जिस बोरे में भरकर फेंका गया था, उस बोरे में भी शिवबरन साहू का नाम लिखा है। इन्हीं आधारों पर पुलिस ने इस बिंदू पर जांच शुरू की। एसओ ने बताया कि मृतक के मोबाइल की काल डिटेल निकाली गई तो शक सही निकला। युवक और हत्यारोपी के बेटी के बीच सैकड़ों बार बात होने की जानकारी मिली।
हत्यारोपी शिवबरन साहू की बेटी के साथ मृतक विजय पाल का कई माह से प्रेम प्रसंग चल रहा था। घटना की रात गांव में रामलीला चल रही थी। रामलीला के दौरान ही युवक की चार बार हत्यारोपी की बेटी से बातचीत हुई। इसके बाद युवक उसके घर पहुंच गया। दोनों के एक साथ होने की भनक परिजनों को लगी तो वे आग बबूला हो उठे। आरोपी पिता- पुत्र युवक को भूसे की कोठरी में घसीट ले गए।
पहले कुल्हाड़ी मार कर घायल किया और फिर महेश ने तमंचे से गोली मार दी। हत्या के बाद निजी बोलेरो से शव लादकर पैनाकलां गांव के पास फेंक आए। गौरतलब है कि मृतक विजय पाल छह वर्षों से पमरौली गांव में एक टेंट हाउस में नौकरी करता था।