फतेहपुर जिले में मामूली विवाद के चलते पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। उसके बाद शव छोड़ कर घर से फरार हो गया। पुलिस हत्यारोपी पति की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने बेटे की तहरीर पर पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के बड़नपुर चौराहे के पास एक किराए के मकान में राजेंद्र तिवारी (45) निवासी गोहरारी थाना चांदपुर पत्नी ममता तिवारी (42), बेटे राज (18) और दीपक (15) के साथ दो साल से रहते हैं। भैंस पालन और दूध बेचकर परिवार का खर्च चलता है।
सोमवार शाम दोनों लड़के दूध बांटने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। वह रात को करीब 9 बजे घर वापस लौटे तो मां को खून से लथपथ पड़ा देखा। पिता घर से गायब था। बेटों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। लोगों ने ममता के मृत होने की जानकारी बेटों को दी।
यह सुन बेटों का हाल बेहाल हो गया। बड़ा बेटा राज थाने पहुंचा और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। राज ने बताया पिता कुछ करते नहीं थे। इसी वजह से घर में अक्सर घरेलू विवाद होता रहता था। तभी पिता ने घटना को अंजाम दिया है। थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने बताया कि बेटे राज की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। हत्यारोपी पति की तलाश में पुलिस की टीमें लगी हुईं हैं।