बके वर। मुगलमार्ग हाईवे पर मंगलवार अपरान्ह लगभग सवा चार बजे घी लदे ट्रक में ट्रेलर की रगड़ लगने से आग लग गई। देखते ही देखते आग विकराल हुई और ड्राइवर जिंदा जल गया। ट्रक में मौजूद उसके सगे बड़े भाई ने कूदकर जान बचाई। ट्रक में राजस्थान से रथ कंपनी का घी लदा था और उसे इलाहाबाद ले जाया जा रहा था। सूचना के करीब एक घंटे बाद दमकल पहुंची, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। इससे करीब दो घंटे तक यातायात रुका रहा और दहशत का माहौल रहा।
राजस्थान भरतपुर जिले कछे गोविंदनगर कालोनी निवासी जगदीश सिंह का बेटा राजवीर(28) और उनके बड़े भाई वीरेंद्र एक ट्रक में चालक थे। दोनों भाई गुजरात गांधी ग्राम से घी का भाड़ा लोड कराकर इलाहाबाद जा रहे थे। मुगलमार्ग हाईवे पर बकेवर थाना क्षेत्र के पतारी मोड़ के पास यह हादसा हुआ। बचे ट्रक चालक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि सामने से सरिया लदे टे्रेलर ने साइड से ट्रक में टक्कर मार दी। इसकी रगड़ और घी होने के चलते ट्रक में आग लग गई। उसका भाई राजवीर ट्रक में सो रहा था। आग लगने के बाद पूरा ट्रक धू-धू कर जलने लगा। उसने शोर मचाया लेकिन भाई सोता रह गया। उसने कूदकर अपनी जान बचाई। फिर भाई को बचाने के लिए चीख पुकार मचाता रहा। उसे बचाने में असफल हो गया। बाद में केवल भाई की चीखें सुनाई देती रही। वह कुछ नहीं कर सका। इधर हाईवे पर यातायात ठप हो गया। करीब एक घंटे बाद दमकल पहुंची। आग बुझाने के बाद लगभग भुन गए राजवीर का शव बाहर निकाला जा सका। थानेदार एयू सिद्दकी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस हादसे को जिसने भी सुना देखने के लिए घटनास्थल पर पहुंच आया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग में धू-धू कर जल रहे ड्राइवर की चीखें अंदर तक कचोट रही थीं लेकिन कोई कुछ नहीं कर सका। फायर ब्रिगेड कर्मी पहले आ जाते तो शायद कुछ भला हो जाता। वीरेंद्र के मुताबिक इस हादसे में करीब 50 लाख का माल जल गया होगा।
-------------------------