सदर कोतवाली क्षेत्र के रेलवे स्टेशन रोड पर मोबाइल शॉप को गुरुवार रात केरोसिन उड़ेल कर आग लगा दी गई। पुलिस ने जांच के बाद एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की है। पीड़ित ने व्यापारिक प्रतिस्पर्धा रखने वालों पर आशंका जाहिर की है। पुलिस जल्द ही पूछताछ के लिए उठा सकती है।
शहर के रेलबाजार मोहल्ला निवासी गुरुमीत सिंह की शादीपुर इस्माइलगंज के पास मोबाइल की दुकान है। दुकान में करीब रात के सवा 11 बजे दुकान के ऊपर रहने वाले लोगों ने धुआं निकलने की खबर दी। वे लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। किसी तरह दुकान का शटर उठाया जा सका। इलाकाई लोगों की मशक्कत से पानी डालकर आग पर काबू पाया गया। दुकान में रखे दो प्रिंटर, एक सेट कंप्यूटर, कई मोबाइल सेट, पार्ट्स, बैटरी, चार्जर, रिचार्ज कूपन, मेमोरी कार्ड, सिमकार्ड जलकर नष्ट हो गए थे।
एक केरोसिन की खाली बोतल बाहर पड़ी थी। दुकान से भी केरोसिन की दुर्गंध आ रही थी। इससे साफ हुआ कि दुकान में आग लगाई गई है। चौकी इंचार्ज कैलाश नाथ ने बताया कि दुकान में आग लगाई गई है। रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।