जिले के प्रापर्टी डीलर मनोज शिवहरे को उनके मोबाइल पर हत्या की धमकी मिली है। फोन करने वाले शख्स ने खुद को सुपारी किलर बताया है। कहा कि तुम्हारी हत्या के लिए मुझे 30 लाख रुपये मिले हैं। तुम्हारी हत्या करना नहीं चाहता। इस रकम से ज्यादा दे दो और जिस ग्रुप में रहते हो, उससे अलग हो जाओ। ऐसा नहीं करते तो रस्तोगी डबल मर्डर का हश्र तुमने देखा ही होगा, आज तक किसी को कुछ पता नहीं चला। यह सुनने के बाद से पूरा परिवार सहम गया है। इधर, पीड़ित के सोमवार को थाने पहुंचने और संवाद सुनाने पर पुलिस के भी होश फाख्ता हो गए हैं। कोतवाली पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच टीम को भी सुरागकशी में लगा दिया गया है।
शहर के राधानगर इलाका निवासी मनोज शिवहरे बड़े प्रापर्टी डीलर हैं। प्रापर्टी के ही एक बड़े ग्रुप के साथ इनका नाता भी है। ग्रुप के फाइनेंसर के रूप में जाने जाते हैं। प्रदेश स्तर पर कारोबार में इनकी पैठ है। पुलिस के मुताबिक, रविवार की रात मनोज शिवहरे के मोबाइल पर खुद को सुपारी किलर बताने वाले व्यक्ति की कॉल पहुंची। उसने ग्रुप के लोगों का साथ छोड़ने को कहा। कुछ दूसरे लोगों की फाइनेंशियल मदद के लिए बोला। यह भी बताया कि उसे मारने के लिए 30 लाख की सुपारी ले ली है। कुछ ऐसी ही वजहों के चलते चर्चित सराफा और प्रापर्टी कारोबारी रस्तोगी डबल मर्डर को अंजाम देने का दावा किया।
यह सुनने के बाद कारोबारी के पैराें तले जमीन खिसक गई। उन्होंने सोमवार को अपने नजदीकियों से मामले की चर्चा की। इसके बाद कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई। बता दें कि एक सप्ताह से इनके मोबाइल पर धमकी भरे फोन आ रहे थे। सीओ सिटी समरबहादुर की देखरेख में कई टीमें बनी हैं। सर्विलांस में धमकी देने वाले नंबरों को ट्रैस करने की कोशिश की गई लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लग सकी। धमकी में सुपारी किलर के रस्तोगी मर्डर की चर्चा से पुलिस के कान खड़े हो गए हैं। पुलिस टीमें गोपनीय तरीके से शातिरों तक पहुंचने की कोशिश की कर रही हैं। कोतवाल महेश पांडेय का कहना है कि धमकी देने की रिपोर्ट मनोज शिवहरे की ओर से दर्ज कराई गई है। जांच की जा रही है।