कार्रवाई के अभाव में सड़कों पर बेरोक-टोक वाहन फर्राटा भर रहे हैं। नतीजा बढ़ते सड़क हादसों के रूप में मिल रहा है। ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा शनिवार को यूपी के फतेहपुर में हुआ।
छोटे भाई के साथ साइकिल से स्कूल जा रही छात्रा को बिंदकी में तेज रफ्तार में आई एक ट्रैक्टर ट्राली ने कुचल दिया। भाई का शरीर पहियों के बीच हिस्से में होने से वह बाल बाल बच गया। सदान बादन का पुरवा खजुहा निवासी किसान संतोष कुमार की बेटी अंकुल(15) बकेवर के जानकी इंटर कॉलेज में हाइस्कूल की छात्रा थी।
वह शनिवार सुबह भाई पंकज के साथ स्कूल जा रही थी। पंकज साइकिल चला रहा था। केशरिया बाग़ का भठ्ठा के पास ट्रैक्टर ने पीछे से टक्कर मार दिया। अंकुल पहिये के नीचे आ गयी और पंकज पहियों के बीच खाली स्थान पर गिरा।
अंकुल की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। यह तीन भाइयों में अकेली थी। एक बहन विवाहित है। कोतवाल राकेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी चालक भाग गया उसकी तलाश करा रहे हैं।