अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। हाईवे पर बाइक सवार बदमाशों ने शुक्रवार की रात ट्रक चालक से पचास हजार रुपये नकदी लूट ली। 100 नंबर की सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस चालक और खलासी समेत ट्रक को थाने ले आई। वह ट्रक मालिक के आने का इंतजार कर रही है।
राजस्थान प्रांत के भीलवाड़ा जिले का सियाराम ट्रक चालक है। उसके साथ खलासी बूंदी जिले का सियाराम है। गोरखपुर से भाड़ा लादकर बिंदकी उतारने जा रहे थे। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के बिंदकी रोड पर एक ढाबे से पहले बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर ट्रक को रोका।
चालक ने बताया कि बदमाश खिड़की खोलकर ट्रक में घुस आए। उसके साथ मारपीट की और पचास हजार की रकम लूटकर फरार हो गए। तभी उसने 100 नंबर पर सूचना दी। हाईवे पर लूट की वारदात से पुलिस के होश उड़ गए।
सीओ अभिषेक तिवारी, प्रशिक्षु सीओ अभिषेक राहुल, एसओ अरविंद सिंह गौर पहुंचे। उन्होंने ट्रक के मालिक से बात की। एसओ अरविंद सिंह गौर ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। उनके पास से 28 हजार 500 रुपये नक दी भी मिली है। बदमाश लूटते तो वह रुपये भी ले जाते।
बाइक सवारों ने ट्रक चालक को ओवरटेक कर लूटा
पुलिस ने ट्रक मालिक को तहरीर के लिए बुलाया