बलिया। जंगली बाबा इंका के सहायक अध्यापक को किए गए 21.51 लाख के अनियमित भुगतान के मामले में दो डीआईओएस व दो लेखाधिकारी की गर्दन फंसनी तय है। शिक्षा निदेशक कार्यालय से मांगी गई रिपोर्ट में जिला विद्यालय निरीक्षक ने स्वयं के साथ पूर्व डीआईओएस व दो लेखाधिकारियों का नाम भेजा है। इसको लेकर विभाग में खलबली मची हुई है। अमर उजाला ने 10 दिसंबर को इस गड़बड़झाले का खुलासा किया था।
बताया जाता है कि गड़वार क्षेत्र के जंगली बाबा इंटर कॉलेज के सहायक अध्यापक संजय सिंह के वेतन आहरण से संबंधित जांच शासन के निर्देश पर चल रही है। कुछ दिनों पहले शासन को भेजी रिपोर्ट में जिला विद्यालय निरीक्षक ने माना था कि संजय कुमार सिंह सहायक अध्यापक की नियुक्ति अल्पकालिक रुप से रिक्त पद पर तीन जुलाई 1999 को प्रबंध तंत्र ने की। जिविनि ने माना कि सहायक अध्यापक संजय सिंह की सेवाएं 30 जून 2008 के बाद नियमित नहीं रह गई थीं। डीआईओएस ने उक्त सहायक अध्यापक को कुल 21 लाख 21 हजार 827 रुपये हुए भुगतान की वसूली दोषियों से करने की भी रिपोर्ट भेजी थी। इसके बाद शिक्षा निदेशक ने इस दौरान रहे डीआईओएस व जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के वित्त एवं लेखाधिकारी का नाम मांगा था। डीआईओएस ने दो जिला विद्यालय निरीक्षकों पूर्व डीआईओएस रमेश सिंह व वर्तमान डीआईओएस अमरनाथ राय के लिए दो लेखाधिकारी कलीम अहमद व विपुल सिंह का नाम भेजा है। सूत्रों की मानें तो इन चार अधिकारियों पर शासन की ओर से कभी भी कार्रवाई की जा सकती है। प्रभारी डीआईओएस अतुल तिवारी ने बताया कि शासन की ओर से जेबी इंटर कॉलेज के सहायक अध्यापक को किए भुगतान के मामले में डीआईओएस व लेखाधिकारियों के नाम की जानकारी मांगी गई थी। डीआईओएस ने स्वयं सहित दो डीआईओएस व दो लेखाधिकारियों का नाम शिक्षा निदेशक को भेजा है।