विजयीपुर/किशनपुर। अंतर्जनपदीय चार गांजा तस्करों को बुधवार सुबह पुलिस ने उनके लग्जरी कार के साथ दबोच लिया। आरोपी बांदा से डिलीवरी देने यहां आए थे। तलाशी में आरोपियों के पास से एक-एक तमंचे और बीस किलो गांजा बरामद हुआ है। आरोपियों को पूछताछ के बाद जेल भेजा गया।
किशनपुर पुलिस को हनुमान मंदिर रानीपुर बहेरा के पास से तस्करों के गुजरने की सूचना मिली। एसओ संदीप तिवारी, एसआई मलखान सिंह टीम के साथ इन्हें दबोचने पहुंचे। कार सवार गांजे की खेप लेकर इसी मार्ग से गाजीपुर और शहर की ओर जाने वाले थे। वाहनों की चेकिंग में पुलिस ने चिन्हित नंबर की कार को रोका। आरोपियों की तलाशी चालू की गई। एसओ ने बताया कि कार से बीस किलो गांजा बरामद हुआ। आरोपियों के पास से एक-एक तमंचा बरामद हुआ। आरोपियों में बांदा जिले के चिल्ला थाने के पपरेंदा निवासी सुरेंद्र सिंह, चिल्ला के चिरौता गांव निवासी सुशील तिवारी, गाजीपुर थाने के खेसहन निवासी लल्लन उर्फ रावेंद्र सिंह, शहर कोतवाली के सकुन नगर निवासी प्रेमबाबू दीक्षित को गिरफ्तार किया गया। कार सुशील तिवारी की है। पुलिस सुशील और सुरेंद्र खुद को रोडवेज का संविदा कर्मी बता रही। आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि लल्लन और प्रेमबाबू खेप की जिले में सप्लाई दिलाने का काम करते हैं। गांजे की कीमत करीब दो लाख रुपये होगी।
------------------------------------------------------------
ग्रामीणों ने मवेशी चोर को दबोचकर पीटा
अमर उजाला ब्यूरो
जाफरगंज। भैंस चुराकर भागते समय किसान की नींद खुल गई। चार मवेशी लादकर पिकअप सवार बदमाश फरार हो गए। उनका एक साथी जल्दबाजी में गाड़ी से फिसल गया। उसे ग्रामीणों ने दबोच लिया। पिटाई के बाद पुलिस के हवाले किया।
जाफरगंज थाना क्षेत्र के तेजीपुर निवासी मूलचंद्र कुशवाहा के दरवाजे पर तीन भैंस एक पड़िया बंधी थी। दरवाजे से चोर मवेशियों को खोलकर पिकअप में लाद लिया। इसी दौरान किसान की नींद खुली। किसान ने बदमाश आने का शोर मचाया। हो हल्ला देखकर चोर पिकअप लेकर भागने लगे। उनका एक साथी छूट गया। चोरी के समय उतारा एक जोड़ी जूता, गिरा मोबाइल मौके से मिला। ग्रामीणों ने पकड़े गए युवक की जमकर पिटाई की। 100 नंबर की सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने खुद को पड़ोसी गांव खोटिला निवासी भीम सिंह बताया। उसके तीन साथी फरार हैं। थानेदार महामाया सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
-----------------------------------------------------
चरवाहे को झांसा दे पांच बकरी लाद ले गए
चौडगरा। चरवाहे को झांसा देकर पिकअप सवार पांच बकरियां लादकर भाग निकले। पीड़ित की सूचना पर पुलिस छानबीन में जुटी है।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के हरदौलपुर गांव निवासवी दुलीचंद्र रैदास बकरियां चराते बुधवार दोपहर चौडगरा के पास पहुंचे। खेत की तरफ पिकअप सवार तीन लोग पहुंचे। वह पिकअप बिगड़ने का बहाना बताकर चरवाहे के पास रुके। बातचीत के दौरान दस रुपये चरवाहे को दिए और गुटका पास की दुकान ले आने की बात कही। चरवाहा वापस लौटकर पहुंचा तो पिकअप गायब देखकर होश उड़ गए। उसने 100 नंबर में पुलिस को खबर दी।
ब्यूरो