फतेहपुर। घर से पैसा लेकर निकले एक युवक और उसकी मां को अर्जुनपुर गढ़ा थाना किशनपुर में कुछ लोगों ने पीटा और दो लाख रुपये लूट लिए। युवक के पिता ने एसपी से प्रकरण की जांच कराकर मुकदमा दर्ज कराने की गुहार लगाई है।
किशनपुर थानाक्षेत्र के गढ़ा गांव निवासी राकेश ने एसपी आफिस पहुंचकर शिकायत की। शिकायती पत्र देते हुए उन्होंने बताया कि उनका पुत्र मोनू 25 जुलाई की दोपहर करीब डेढ़ बजे अरहर व चना खरीदने के लिए दो लाख रुपये लेकर निकला था। उसके साथ उसकी मां भी थी।
अर्जुनपुर गांव के पास कुछ लोगों ने किसी बात को लेकर मोनू व उसकी मां की पिटाई कर दी और दो लाख रुपये लूट लिए। वह थाने गया लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। राकेश ने जांच कर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।