चौडगरा। जीएसटी अफसरों पर हमला कर उनसे सुपाड़ी भरा ट्रक लूटने वाले व्यापारियों व उनके गुर्गों की तलाश में तीन टीमों ने कानपुर में डेरा डाल दिया। अब तक की जांच में यह साफ हुआ है कि कानपुर के जैन बंधुओं द्वारा फर्जी बिलिंग के जरिए यह सुपाड़ी कानपुर लाई जा रही थी। पुलिस उन्हें तलाश रही है। सुपारी लदा ट्रक कल्यानपुर थाने में खड़ा कराया गया है। यह ट्रक पुलिस को सोमवार की रात बकेवर में लावारिस हालत में खड़ा मिला था।
रविवार की रात कानपुर जनपद के जीएसटी अधिकारियों का सचल दल सुपाड़ी लदे ट्रक का पीछा करते हुए बड़ौरी टोल प्लाजा के आगे मामा ढाबा के पास पहुंचा था। टैक्स चोरी के मामले में टीम ट्रक को लेकर कानपुर जा रही थी लेकिन पहुर तिराहे के पास रात करीब डेढ़ बजे ट्रक के आगे पीछे चल रहे व्यापारी व असलहाधारी गुर्गे वहां पहुंचे और अफसरों के साथ मारपीट कर ट्रक लूट ले गए थे।
सोमवार की सुबह कल्यानपुर थाने में मुकदमा दर्ज करने के बाद टीम ने जांच शुरू की तो देर रात ट्रक बकेवर में लावारिस हालत में मिला। पुलिस माल सहित ट्रक को थाने ले आई। इसके बाद से पुलिस की तीन टीमें कानपुर में कैंप कर रही हैं। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि जांच में साफ हो गया है कि व्यापारी कानपुर के ही थे और फर्जी कंपनियों की बिलिंग के जरिए वह ट्रक ला रहे थे। उनकी तलाश हो रही है।