फतेहपुर। ड्रम में पाइप लगाकर मुंह से डीजल खींचते समय युवक की हालत बिगड़ गई। जिला अस्पताल में हालत गंभीर देखकर डॉक्टर ने कानपुर हैलट रेफर किया। कानपुर लेकर जाते समय युवक ने रास्ते में दम तोड़ दिया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के मकदूमपुर गांव निवासी राजू पासवान (32) गेहूं कतराई के चलते गांव के राम किशोर के ट्रैक्टर पर मजदूरी करता था। ट्रैक्टर में डीजल खत्म होने पर सोमवार शाम राम किशोर के घर डीजल लेने पहुंचा था। ड्रम में पाइप डालकर मुंह से डीजल खींच रहा था। तभी उसकी हालत बिगड़ गई। वह उल्टियां करने लगा। भाई रजोले और परिजन पहुंचे। रजोले ने बताया कि कानपुर लेकर जाते समय रास्ते में ही राजू ने दम तोड़ दिया। राजू की मौत संदिग्ध प्रतीत हो रही है। हालत बिगड़ने के बाद राम किशोर ने परिजनों को सूचना नहीं दी थी। टेंपो से राजू को लेकर जा रहे थे। भतीजी शारदा ने पिता की हालत बिगड़ी देखकर परिजनों को सूचना दी। पुलिस को तहरीर देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। राजू की मौत से उसकी पत्नी फूल कुमारी बेहाल दिखी। दो बेटियां शारदा, राधिका और दो माह का बेटा प्रिंशू है। थानाध्यक्ष संगम लाल प्रजापति ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की जांच की जाएगी।