फतेहपुर। फेसबुक पर दोस्ती के बाद बीएससी की छात्रा को लेने आए जम्मू के दो युवकों समेत चार को पुलिस ने पकड़ लिया। सभी को कोतवाली में पूछताछ के लिए लाया गया। छात्रा के परिजनों ने मुकदमा दर्ज कराने से इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने चारों का शांति भंग में चालान किया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा की फेसबुक पर करीब दो साल पहले जम्मू के रहने वाले एक युवक से दोस्ती हुई। जम्मू का युवक गाजियाबाद की एक फैक्ट्री में नौकरी करता है। युवक अपने एक साथी के साथ बुधवार रात शहर पहुंचा।
गुरुवार भोर करीब चार बजे जम्मू के युवक और युवती को रेलवे स्टेशन के पास हरिहरगंज चौकी इंचार्ज विजय त्रिवेदी ने पकड़ लिया। छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह पड़ोसी दो युवकों के साथ बाइक से जम्मू से आए दोस्तों को छोड़ने आई है। छात्रा के पास कपड़ों से भरा बैग था।
पुलिस ने छात्रा के परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन छात्रा को घर ले गए। कोतवाल अनूप सिंह ने बताया मामले में जम्मू के रहने वाले विवेक सिंह, नीरज सिंह और शहर के शानू व रोहित का शांति भंग में चालान किया गया है। आरोपी भोर पहर स्टेशन के पास मिले थे।