फतेहपुर। खखरेरू थाना क्षेत्र के जहांगीर नगर गहुरा गांव निवासी आसिफ ने आईजी प्रयागराज को शिकायती पत्र देकर सिपाहियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। आसिफ ने बताया कि वह कस्बे में स्थित ईंट-भट्ठे पर बैठा था।
चार दिसंबर को खखरेरू थाने के दो सिपाही उसके पास आए और थाने चलने के लिए कहा। आरोप है कि दोनों सिपाही उसे बाइक पर बैठाकर थाने ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उससे ईंट बिक्री के 28 हजार रुपये छीन लिए गए। भट्ठे के हिसाब-किताब की डायरी भी ले ली गई।
आरोप है कि थाने पहुंचने के बाद उसे धमकाया गया और उसके खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत फर्जी प्राथमिकी दर्ज कर दी गई। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष विद्या प्रकाश ने आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि आसिफ को मारपीट के एक मामले में थाने बुलाया गया था। मारपीट की जैसी कोई बात नहीं है।