अमौली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमौली में तैनात डाक्टर के सरकारी आवास से चोर करीब ढाई लाख की नगदी और जेवर ले गए। मंगलवार सुबह डाक्टर परिवार सहित आवास पर पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। सूचना मामले की जांच कर रही है।
बांदा के नरैनी निवासी डॉ. शैलेश वर्मा अमौली सीएचसी में पत्नी डॉ. नेहा वर्मा के साथ तैनात हैं। दोनों लोग परिसर में बने सरकारी आवास में रहते हैं। रक्षाबंधन के मौके पर डॉ. शैलेश पत्नी के साथ हमीरपुर के मौदहा स्थित ससुराल रविवार को गए थे। आवास पर ताला लगा था।
मंगलवार की सुबह डॉक्टर दंपती लौटे तो उन्हें आवास का ताला टूटा मिला। अंदर गए तो समाना बिखरा पड़ा था और अलमारी भी खुली थीं। जांच के बाद डॉ. शैलेश ने बताया कि चोर घर से 20 घड़ी, ज्वैलरी, 30 हजार रुपये नगद ले गए।
ज्वैलरी, घड़ी व अन्य सामान की कीमत करीब ढाई लाख रुपये है। उन्होंने एक महिला पर आशंका जताई है। चांदपुर थानाध्यक्ष आशुतोष सिंह सीएचसी पहुंचे और पड़ताल की। बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
घर से जाने के लिए धन्यवाद...
चोरों ने डॉक्टर दंपती के आवास में लगे एक सफेद बोर्ड पर संदेश लिखा कि घर से जाने के लिए आपका धन्यवाद। हमारा काम आसान करने के लिए थैंक्स। डॉ. शैलेश ने बताया कि चोरों ने जमकर उथल पुथल की। किचन में रखी चाकू बेड पर पड़ी मिली। सामान अस्तव्यस्त था। घटना की जानकारी पर सीएचसी के अन्य चिकित्सक और कर्मचारी भी उनके आवास पहुंचे।