जहानाबाद। कसबे से कानपुर वाया साढ़ गोपालपुर रूट पर चलने वाली आठ सीएनजी बसों में परिवहन विभाग ने छह बसें बंद कर दी हैं। इससे यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इन बसों से ग्रामीण क्षेत्र के बड़ी तादाद में लोग यात्रा करते हैं। यह बसें जहानाबाद से बेरहर, गोपालपुर, साढ़, मझावन, रमईपुर होते हुए कानपुर पहुंचती थी। इस रूट से यात्रियों को समय के साथ साथ किराये की बचत होती है।
इसके बावजूद अधिकारियों की मनमानी से बसों की संख्या में कमी की गई। आठ बसों में सिर्फ दो बसों के संचालन से यात्रियों को मजबूरन अन्य साधनों से कष्टप्रद यात्रा करनी पड़ रही है। इस मार्ग पर चलने वाली बसें विभाग को अच्छी आय दे रही हैं।
जहानाबाद व्यापार मंडल अध्यक्ष मुकुंद गुप्ता, व्यापारी नीलेश, संजय, सुनील कुमार ने बताया कि कसबा सहित ग्रामीण क्षेत्रों का व्यापार कानपुर से होता है। ऐसे में बसों का संचालन बंद कर यात्रियों के साथ खिलवाड़ हो रहा है। व्यापारियों ने बंद बसें चलाने की मांग की है।
आरएम डीवी सिंह ने बताया कि कानपुर, जहानाबाद वाया घाटमपुर रूट में पर्याप्त बसों का संचालन हो रहा है। साढ़ रूट पर भी बसें चलाई जा रही हैं। तकनीकी वजह से कुछ बसे बंद है। इन्हें शीघ्र चलाया जाएगा।