फतेहपुर। औंग के गोधरौली में दूषित पानी की जांच करने दिल्ली और लखनऊ के प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की चार सदस्यीय टीम पहुंची। मौके का मुआयना कर पानी के चार सैंपल लिए। यहां पानी में क्रोमियम ज्यादा मिलने की शिकायत हुई थी। इसी को लेकर टीम गांव पहुंची थी। उनके साथ स्वास्थ्य विभाग के एसीएमओ डॉ. इश्तियाक अहमद समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
गोधरौली में कई सालों साल से पानी दूषित आपूर्ति हो रहा है। गांव में एक स्टील फैक्टरी व टायर फैक्टरी में क्रोमियम का इस्तेमाल होता था। दोनों फैक्ट्रियों से निकलने वाला दूषित केमिकल कचरा तालाब में फेंका जाता था। इसी से भूगर्भ जल दूषित हुआ है।
भूमिगत जल पीने से गांव के लोग बीमार हो रहे हैं। 10 से 12 लोगों की खून की जांच में भी दो लोगों के खून में क्रोमियम ज्यादा मिला था। मामले का संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एक साल पहले ही दोनों फैक्टरियों को बंद करा दिया है। पीले रंग का पानी आने से यहां के 10 से 12 हैंडपंप भी बंद कराए गए हैं। बुधवार को जल निगम की टीम ने जांच के लिए पानी का सैंपल लिया है।