फतेहपुर। भाजपा नेता का जीटी रोड स्थित अल्ट्रासाउंड सेेंटर सील कर दिया गया। जांच में पंजीकरण में दर्ज नंबर की मशीन मौके पर नहीं मिली।
अभियान के तहत ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नवनीत सेहरा, सदर एसडीएम प्रमोद झा, एसीएमओ डॉ. अशिता सचान की टीम ने अल्ट्रासाउंड सेेंटरों की पड़ताल की। भाजपा नेता डॉ. देवाशीष पटेल के जीटी रोड स्थित फतेहपुर डायग्नोस्टिक सेंटर पहुंचे। जहां उन्होंने अभिलेखों की पड़ताल की। निरीक्षण के दौरान टीम ने जब अनुमति के प्रपत्रों और सेंटर में लगी मशीन के नंबरों का मिलान किया तो दोनों में अंतर पाया गया। सेंटर संचालित करने के लिए सीएमओ कार्यालय में जिस नंबर की मशीन का पंजीकरण कराया गया था, वह मौके पर नहीं मिली। मशीन के नंबरों में भिन्नता मिलने के आधार पर डायग्नोस्टिक सेंटर को सील कर दिया गया।
हालांकि इस कार्रवाई को लेकर सरकारी महकमे से लेकर राजनीतिक लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। इस मसले पर भाजपा नेता डॉ. देवाशीष पटेल ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि सर्टिफिकेट में मशीन का नंबर ईजेड 615806 चढ़ा हुआ है। जबकि मौके पर मशीन का वास्तविक नंबर ईजेड 61580692 है। अंत के दो अंक 92 नहीं चढ़ाए गए हैं। उनकी गलती बस इतनी थी कि इन दो अंकों का ध्यान नहीं दिया। बस इतनी सी बात पर सेंटर सील कर दिया गया। उन्होंने अपना पक्ष रख दिया है।