फतेहपुर। उमस भरी गर्मी के बीच विद्युत उपकेंद्र की मशीनों व ट्रांसफार्मरों का लोड बढ़ने से शहर की बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। बेरुईहार उपकेंद्र के ट्रांसफार्मर में फाल्ट से मंगलवार शाम सात बजे गई बिजली रात एक बजे आई। इससे लोग भीषण गर्मी व उमस के बीच सड़कों व छतों पर टहलने को मजबूर रहे। इसी तरह शांति नगर उपकेंद्र के नउवाबाग फीडर का जंफर कटने से रात एक से तीन बजे तक बिजली बंद रही, जिससे लोग रात को ठीक से सो भी नहीं सके।
फाल्ट से पीरनपुर, कटरा अब्दुलगनी, जीटी रोड समेत कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे शाम के वक्त जलापूर्ति बाधित होने से भी लोग परेशान रहे। इसी तरह मुराइन टोला उपकेंद्र के बाकरगंज फीडर की मशीन जल गई, जिससे बाकरगंज, पुरानी तहसील, बिंदकी बस स्टाफ क्षेत्र की बिजली गुल रही। वहीं आबूनगर उपकेंद्र के अस्ती फीडर में इंसुलेटर खराब होने से बिजली आपूर्ति बाधित रही। दो घंटे बाद इंसुलेटर बदलकर आपूर्ति सामान्य की गई।
फतेहपुर। शहर से लेकर गांव तक लो-वोल्टेज की भी समस्या बनी हुई है। इससे घरों में रखे बिजली के उपकरण शोपीस बने हुए हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि 220 के बजाय 150 वोल्टेज करंट आ रहा है, जिससे इनवर्टर भी चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे में बिना बिजली के बुरा हाल है।
उमस भरी गर्मी के कारण बिजली की खपत बढ़ गई है। इससे लो-वोल्टेज की समस्या है। यही कारण है कि मशीनों और ट्रांसफार्मरों में फाल्ट हो रहे हैं। इन पर अंकुश लगाने का प्रयास किए जा रहे हैं। फाल्ट को तत्काल ठीक कराने के लिए कर्मियों की टीमें भी लगाईं गईं हैं।
- राकेश कुमार पांडेय, अधीक्षण अभियंता
चौडगरा। दिन की बिजली कटौती से कस्बे का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है, जिससे दुकानदार परेशान हैं। फाल्ट और रोस्टिंग के नाम पर अघोषित कटौती की जा रही है। गुस्साए दुकानदार उपकेंद्र का घेराव करने की तैयारी कर रहे हैं।
कस्बा में ग्रामीण फीडरों की तरह 18 घंटे बिजली देने का रोस्टर है। कस्बे के दुकानदार सुबह 10 बजे से दुकान खोलते हैं और 12 बजे के आसपास ही बाजार की बिजली काट दी जाती है। दोपहर में कुछ ही देर हिबजली मिलती है फिर शाम चार से पांच बजे तक सप्लाई बंद रहती है। दुकानदारों का कहना है कि इससे व्यापार प्रभावित होता है।
दुकानदार महेंद्र सिंह ने बताया कि दोपहर 12 बजे से चार बजे विद्युत आपूर्ति का रोस्टर है, इतनी भी बिजली नहीं मिल रही है। दुकानदार अनूप सिंह ने बताया कि कटौती बंद नहीं हुई तो उपकेंद्र का घेराव किया जाएगा। अवर अभियंता मुकेश गौतम ने बताया कि जब कभी कहीं फाल्ट होता है, तो उसे सही करने के लिए आपूर्ति बंद की जाती है।