फतेहपुर। चौक बाजार में शनिवार सुबह पुरानी इमारत का एक हिस्सा ढह गया। घटना से हड़कंप मच गया। इमारत का एक हिस्सा ऊंचाई पर लटका होने कारण राहगीरों पर खतरा मंडराने लगा। एसडीएम और पुलिस मौके पर पहुंची। जेसीबी से लटक रहे हिस्से को गिराया गया। गनीमत रही कि लॉकडाउन की वजह से बाजार बंद था। जिससे कोई बड़ी घटना नहीं हुई।
चौक बाजार में रमेश चंद्र रस्तोगी की तीन मंजिला इमारत है। आगे के एक हिस्से में रमेश सराफा और कपड़े का व्यवसाय करते हैं। इमारत के पीछे हिस्से में वह परिवार के साथ रहते हैं। पीछे हिस्से का वह निर्माण भी करा चुके हैं। आगे दूसरी और तीसरी मंजिल पुरानी बनी हुई है। प्रथम तल के एक हिस्से पर आलोक रस्तोगी निवासी मसवानी एक दुकान भी किराए पर लिए हैं। अचानक सुबह आलोक रस्तोगी के ऊपर की दूसरी मंजिल ढह गई। जिससे तीसरी मंजिल का हिस्सा लटक गया। इमारत ढहने के बाद लोगों की भीड़ लग गई। रोड पर मलबा फैलने से यातायात बाधित हुआ।
आलोक रस्तोगी ने बताया वह कई महीने से दुकान बंद है। दुकान में कोई सामान नहीं था। हालांकि उनका कोर्ट में किरायेदारी को लेकर मुकदमा विचाराधीन है। रमेश चंद्र रस्तोगी ने बताया कई दिनों से बारिश हो रही है। आगे की इमारत करीब 100 साल पुरानी होने के कारण काफी जर्जर थी। इसी वजह से गिर गई है। एसडीएम प्रमोद झा, कोतवाल सत्येंद्र सिंह, चौकी इंचार्ज अनिरुद्ध द्विवेदी मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने नगरपालिका की टीम को लगाकर तीसरी मंजिल का मलबा गिराया। कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने बताया बारिश की वजह से हादसा हुआ है। किसी ने शिकायत नहीं की है।