असोथर। लोडर की टक्कर से बाइक सवार भाई की मौत हो गई, जबकि बहन घायल हो गई। हादसे के बाद चालक लोडर लेकर मौके से भाग निकला। पुलिस ने बताया कि बाइक सवार हेलमेट लगाए था, लेकिन टक्कर लगते ही वह सिर से निकल गया था।
खागा कोतवाली क्षेत्र के अर्नुधापुर गांव निवासी नीरज (21) अपनी बहन रोशनी (17) को बाइक से लेकर चचेरी बहन सोनी पत्नी नरेंद्र सिंह के घर गेंडुरी थाना असोथर जा रहे थे। टीकर गांव के मेड़ीपुरवा के पास उनकी बाइक को सामने से लोडर ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार नीरज के सिर से में गंभीर चोट लगी। उसका हेलमेट दूर गिरा।
रोशनी मामूली रूप से जख्मी हुई। हादसा देखकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। ग्रामीणों ने दोनों को जिला अस्पताल भेजा।
यहां डाक्टर ने नीरज को मृत घोषित कर दिया। पुलिस भी मौके पर पहुंची। पिता कल्लू सिंह ने बताया कि नीरज तीन बेटों में सबसे छोटा था।
दो बेटियां आरती और रोशनी हैं। प्रभारी निरीक्षक नीरज यादव ने बताया कि लोडर की पहचान हुई है। उसकी तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।