किशनपुर। किसान के कच्चे घर में आग लग गई। लपटें उठती देख किसान व परिवार के लोगों ने शोर मचाया तो पड़ोसी मदद के लिए दौड़ पड़े। जब तक आग बुझती, लपटों ने किसान की गृहस्थी जलाकर राख कर दी।
विजयीपुर ब्लाक के अंजना भैरव गांव निवासी राजेश सिंह पुत्र सुग्रीव सिंह का परिवार शुक्रवार की रात सो रहा था। रात में अचानक घर के छप्पर में आग लग गई। यह देख राजेश व उसका परिवार बाहर की ओर भागा और शोर मचाकर मदद मांगी।
गांव के लोग पानी लेकर दौड़े और आग बुझाने में जुट गए। आग लगने से अनाज, झोपड़ी, कपड़े, बर्तन, चारपाई आदि चीजें जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने किसी तरह से आग बुझाई। परिवार ने पूरी रात घर के बाहर ही काटी। सुबह हुई तो पूरे घर में सिर्फ राख ही मिली।
विजयीपुर ब्लाक के सेंधरी गांव निवासी मलखान रैदास के घर में शनिवार की दोपहर शार्ट-सर्किट से आग लग गई। आग, सबसे पहले घर के छप्पर में लगी तो लपटें उठने लगी।
लपटों ने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और कपड़े, अनाज, चारपाई, बर्तन आदि जला दिए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई।