वन विभाग से पौधरोपड़ के लिए नर्सरी पिकअप में लोड करे मजदूर। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। पांच जुलाई से लगातार तीन दिन और स्वतंत्रता दिवस यानि15 अगस्त हरियाली के नाम रहेगा। इन चार दिनों में अभियान चलाकर 49.54 लाख पौधे लगाए जाएंगे। अभियान को सफल बनाने के लिए शासन ने नोडल अधिकारी नामित किए हैं, जो सोमवार को जिले में आ जाएंगे। पहले दिन सबसे अधिक 35.17 लाख पौधे यानि लक्ष्य के 71 प्रतिशत पौधे लगाए जाएंगे। पौधरोपण करने वाले विभाग को जिले के 26 स्थानों से पौधा वितरण शुरू कर दिया गया है, अब तक 27 लाख पौधों की नर्सरियों से उठान हो चुकी है।
तीन दिवसीय पौधारोपण अभियान सफल बनाने के लिए अलग-अलग विभागों को लक्ष्य दिया गया है। निशुल्क पौधा उपलब्ध कराने के लिए वन विभाग ने 26 नर्सरियों में 60 लाख से अधिक पौध तैयार की हैं। पौधरोपण अभियान में वन विभाग, नगर विकास, पंचायतीराज, बेसिक, माध्यमिक व उच्च शिक्षा, राजस्व विभाग स्वास्थ्य, उद्यान विभाग, सिंचाई विभाग समेत 22 विभागों को लगाया गया है।
इन सभी विभागों को लक्ष्य के अनुसार वन विभाग पौध उपलब्ध करा रहा है। प्रभागीय निदेशक वन रामानुज त्रिपाठी ने बताया कि पांच जुलाई से लगातार तीन दिन यानि सात जुलाई तक पौधा रोपित किया जाना है। कहा कि वर्षा हो जाने से पौधरोपण का बेहतर समय है, विभागों को मांग के अनुसार फलदार समेत अन्य पौधा दिए जा रहे हैं।
किस दिन कितने रोपे जाएंगे पौधे:
पांच जुलाई - 35.17 लाख
छह जुलाई - 3.73 लाख
सात जुलाई - 3.71 लाख
15 अगस्त - 6.93 लाख