खागा। शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने वाले एक युवक की शादी रुकवाने के लिए एक युवती अपने परिजनों के साथ कोतवाली पहुंची। उसने युवक के खिलाफ शिकायत करते हुए शादी रुकवाने की बात कही, तो पुलिस ने हस्तक्षेप करने से मना कर दिया। मौके पर मौजूद एएसपी सेे युवती ने बात कही। इस पर उन्होंने बिना कोर्ट आदेश के हस्तक्षेप से इंकार कर दिया।
कोतवाली के एक गांव निवासी युवक वर्ष 2021 में दिल्ली में रहकर एक फैक्टरी में काम करता था। यहीं पर हथगाम थाना क्षेत्र की एक लड़की परिवार सहित रहती थी, जो युवक की दूर की रिश्तेदार भी है। खागा कोतवाली पहुंची युवती के मुताबिक युवक ने दिल्ली में उससे शादी का वादा किया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
अब वह शादी करने से मुकर गया। ऐसे में उसने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिस पर पुलिस ने युवक को जेल भेजा था। जमानत पर रिहा होकर युवक अपने गांव आया और रविवार को उसकी खागा कोतवाली क्षेत्र में शादी थी। युवती भी इस समय हथगाम से आ गई।
वह कोतवाली पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए शादी रोकने की मांग की। कोतवाली में मौजूद अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने उसकी शिकायत सुनी और बताया कि बिना कोर्ट आदेश के वह शादी में हस्तक्षेप नहीं कर सकते हैं। इंस्पेक्टर खागा जेपी शाही ने बताया कि युवती, शादी रुकवाने की मांग कर रही थी, जो कानूनी तौर पर संभव नहीं था। उसने यह भी आरोप लगाया कि लड़का उसके आपत्तिजनक फोटो वायरल कर रहा है। ऐसे में उसे हथगाम में रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा गया है।